हरदोई। मनरेगा जॉब कार्डधारकों को एक से दो दिन का रोजगार दे पाने में अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।
पिछड़े सात ब्लॉकों के कार्यक्रम अधिकारियों पीओ और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों को मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय कार्रवाई की चेतावनी जारी की है। कहा है कि इन परिवारों को 100 का रोजगार देने में लापरवाही करने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
मनरेगा में जॉब कार्डधारकों को एक वित्तीय वर्ष में 100 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई है। विकास खंड अहिरोरी, भरावन, हरियावां, हरपालपुर, माधौगंज, शाहाबाद व टोडरपुर में बड़ी संख्या में 98 और 99 दिन का काम कर चुके परिवार शामिल हैं। इन परिवारों को एक से दो दिन का रोजगार देते हुए 100 दिन की गारंटी पूरी की जानी है।
श्रमिकों को एक से दो दिन का काम देने में लापरवाही से जुड़ी खबर अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में एक-दो दिन का रोजगार नहीं दे पा रहे जिम्मेदार शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित की थी।
मुख्य विकास अधिकारी सौम्या गुरुरानी ने खबर का संज्ञान लेते हुए सात ब्लाकों के कार्यक्रम अधिकारियों और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों को आदेशित किया है कि अभियान चलाकर इन परिवारों का 100 दिन का रोजगार पूरा कराया जाए। इसमें लापरवाही पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।