हरदोई। गांवों में अंत्येष्टि स्थल के चल रहे निर्माण को समय से पूरा कराए जाने के लिए पंचायतीराज विभाग ने तेजी पकड़ ली है। निर्माण में लापरवाही पर ग्राम पंचायत को चिह्नित कर पंचायत सचिवों को चेतावनी जारी की गई।
पंचायतीराज विभाग की ओर से गांवों में अंत्येष्टि स्थल बनवाए जा रहे हैं। करीब-करीब सभी विकास खंडों में इनका काम चल रहा है। लोकसभा चुनाव की अधिसूचना से पहले काम शुरु होने के कारण काम प्रभावित नहीं हुआ है लेकिन, प्रधानों और पंचायत सचिवों की लापरवाही से काम गति नहीं पकड़ पाया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह ने ऑनलाइन प्रगति की समीक्षा के साथ ही सहायक विकास अधिकारियों से भी अंत्येष्टि स्थल निर्माण की रिपोर्ट ली है। उन्होंने बताया कि काम समय से पूरा कराया जाना है और इसकी ऑनलाइन रिपोर्ट भी दी जानी है। जिले में लोकसभा चुनाव का मतदान हो चुका है और चल रहे काम कराए जाने में कोई दिक्कत नहीं है। बताया कि करीब एक 12 ग्राम पंचायतों को सुस्त काम के लिए चिह्नित किया गया है। तीन दिन के अंदर काम में तेजी न आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। संवाद