हरदोई। समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिले के माध्यमिक विद्यालयों में कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गति धीमी पाए जाने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। निर्माण कार्य तय समय-सीमा में पूरा न होने और समीक्षा के दौरान कई खामियां सामने आने पर संबंधित कार्यदायी संस्था को अंतिम चेतावनी जारी की गई है। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट कर दिया कि यदि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो संस्था के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
समग्र शिक्षा अभियान के तहत उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण दो राजकीय हाईस्कूल पारा व टीकारा का निर्माण करा रहा है। इसके अलावा सी एंड डीएस राजकीय छात्रावास टोडरपुर और मझिगवां में चारदीवारी का निर्माण करा रही है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग राजकीय हाईस्कूल भीठामाह और सिकरोरी में कंप्यूटर लैब और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज संडीला में भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण करा रही है।
बृहस्पतिवार को मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने माध्यमिक विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इसमें निर्माण कार्य की गति काफी धीमी मिली। इसके साथ ही खामियां पाई गईं जिस पर उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के प्रभारियों पर नाराजगी जताई और कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके साथ प्रोजेक्ट अलंकार के तहत सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों से आने वाले प्रस्ताव की जांच कर उसकी आख्या उपलब्ध कराने के लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविंद कुमार पाठक, जिला समन्वयक समग्र शिक्षा डॉ. अभय जैन सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।