फोटो 17: जानकारी देते डीएम अनुनय झा, साथ में सीडीओ सान्या छाबड़ा व एडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी। संवाद
- 2,121 मतदान केंद्रों पर आज लगेंगे एसआईआर सुगमता शिविर
- मतदाताओं को बूथ तक लाने के लिए लगाई गईं कर्मचारियों की टोलियां
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। एसआईआर फार्म भरने में समस्या आ रही है तो आज अपने मतदान केंद्र पर अवश्य आएं। प्रशासन ने विधानसभावार फोटोयुक्त मतदाता सूची के एसआईआर (विशेष सघन पुनरीक्षण) अभियान के फार्म भरवाए जाने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर एसआईआर सुगमता शिविर लगाने का निर्णय लिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा ने बताया कि मतदाताओं की समस्या समाधान के लिए आज (रविवार) सभी 2,121 मतदान केंद्रों पर एसआईआर सुगमता शिविर लगाए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि वैसे तो एसआईआर अभियान में अब तक करीब 60 प्रतिशत मतदाताओं के डाटा को डिजिटाइज्ड कराया चुका है। बताया कि करीब 15 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं और बीएलओ को फार्म भरवाने में समस्या आ रही है। कहीं पर मतदाता नहीं मिल रहे हैं तो, कहीं पर मतदाता अपने बीएलओ को नहीं तलाश पा रहे हैं। जिससे फार्म भरने में समस्या आ रही है।
ऐसी समस्या के समाधान के लिए 2,121 मतदान केंद्रों के 3,328 पोलिंग स्टेशन लोकेशन पर सभी बीएलओ और सहायता के लिए लगाए गए कर्मी सुबह 10 से शाम चार बजे तक मौजूद रहेंगे। वहां पर मतदाता अपने फार्म को आसानी से भरवा सकेंगे। बताया कि कुल 30,19,415 में से 16,65,103 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन कराया जा चुका है, जबकि करीब 1,60,000 मतदाता मृतक, शिफ्टेड श्रेणी में चिह्नित हुए हैं। सीडीओ सान्या छाबड़ा और उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी मौजूद रहे।
चलो-चलो अपने-अपने बूथ पर चलो, की सुनाई देंगी आवाजें
सुगमता शिविर में आने का न्योता देने के लिए ग्रामीण और निकाय क्षेत्रों में टीमों का गठन किया गया है। हरकारा टीम में तीन-तीन लोगों को लगाया गया है। ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम रोजगार सेवक, सफाई कर्मी और पंचायत को लगाया गया है। यह लोग अपने-अपने क्षेत्र में सुबह आठ बजे से ही लोगों को अपने-अपने बूथ पर पहुंचने के लिए न्योता देंगे। ताकि मतदाताओं के आने से उनकी फार्म को लेकर अब तक आ रही समस्या का समाधान कराया जा सके।
स्कूलों में सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं रहेंगी मौजूद
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा ने बताया कि बूथ लेवल आफीसर की ड्यूटी करने वाले शिक्षकों के अतिरिक्त बिना बीएलओ ड्यूटी वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी अपने-अपने स्कूलों में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। बताया कि बीएसए के माध्यम से सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को रविवार 30 नवंबर को स्कूलों में पहुंचने के आदेश दिए गए हैं। यह शिक्षक-शिक्षिकाएं बीएलओ की मदद करेंगे। मतदाताओं के फार्म को भरवाएंगे, ताकि अधिक से अधिक संख्या में फार्म भरवाए जा सकें।