हरदोई। भीषण गर्मी फिर उमस इस बीच बारिश होने से बीमारियां तेजी से बढ़ी हैं। खासतौर पर वायरल फीवर और उल्टी दस्त के मरीज बढ़ रहे हैं। मंगलवार को बुखार के 153 और उल्टी दस्त के 179 मरीज मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में परामर्श के लिए पहुंचे।
मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। मंगलवार को ओपीडी से लेकर इमरजेंसी सेवाओं तक में लगभग 347 मरीज ऐसे थे जो उल्टी दस्त के साथ ही बुखार से भी पीड़ित थे। यह संख्या पिछले सप्ताह तक 200 के आसपास थी। खान-पान में लापरवाही को भी इन समस्याओं की बड़ी वजह माना जा रहा है। मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. विकास चंद्र विद्यार्थी कहते हैं कि मौसम में बदलाव के वक्त बीमारी फैलती है। इस दौरान सावधानी रखना जरूरी है।
हर रोज मिल रहे मलेरिया के मरीज
बारिश के बाद मलेरिया के मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। आमतौर पर एक दिन में एक ही मरीज मलेरिया का मिलता था लेकिन पिछले लगभग एक सप्ताह से हर रोज छह-सात मरीज मलेरिया के मिल रहे हैं। राहत भरी बात यह है कि इन दिनों जो मलेरिया हो रहा है वह बहुत घातक नहीं है। डॉ. विकास चंद्र विद्यार्थी बताते हैं कि जांच में अधिकांश मरीजों में प्लास्मोडियम विवैक्स संक्रमण पाया जा रहा है। यह गंभीर श्रेणी का मलेरिया नहीं माना जाता लेकिन तेज बुखार, कमजोरी और अन्य लक्षण होने पर कई मरीजों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ रहा है।
इन बातों का रखें ध्यान
बदलते मौसम में बीमारियों से बचने के लिए डॉक्टरों ने एहतियात बरतने की दी सलाह
- संक्रामक बीमारियों से बचने के लिए पानी को उबालकर कर पीएं।
- घर के आसपास या कूलरों में पानी जमा न होने दें।
- बासी भोजन और खुले में बिकने वाले फल व फास्ट फूड न खाएं।
- खाना खाने से पहले और बाद में हाथों को अच्छी तरह धोएं।
फोटो- 22- मेडिकल काॅलेज का इमरजेंसी वार्ड में खड़े मरीज व तीमारदार। संवाद