बूढ़ागांव में चौपाल के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते डीएम पुलकित खरे। संवाद
- फोटो : HARDOI
पिहानी (हरदोई)। सांसद जय प्रकाश रावत द्वारा सांसद आदर्श ग्राम के रूप में चयनित बूढ़ागांव में बुधवार को डीएम पुलकित खरे की अध्यक्षता में चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। गांव में कराए गए विकास कार्यों के बारे पूछा गया। डीएम ने कहा कि अच्छी सोच के साथ सामूहिक प्रयास किए जाएंगे तो गांव पूरे जनपद के लिए नजीर बनेगा।
गांव के बूढ़े बाबा मंदिर परिसर में आयोजित चौपाल में डीएम पुलकित खरे ने कहा कि ग्रामीण अपनी जरूरत को पहचानें और संबंधित योजना का चयन करें। सही समय पर सही अधिकारी से पैरवी कर योजना का लाभ उठाएं।
कहा कि गांव को आदर्श बनाने के लिए आवश्यक है कि ग्रामीण पहले खुद आदर्श बनें। डीएम ने कहा कि शौचालयों का उपयोग करें, गांव के विकास में सकारात्मक सहयोग दें। सीडीओ निधि गुप्ता वत्स ने गांव में जल संरक्षण व प्लास्टिक से मुक्त किए जाने की अपील की। चौपाल में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने योजनाओं के बारे में जानकारी दी। डीएम व सीडीओ ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनसे गांव में कराए जा रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर भाजपा नेता अजय वाजपेयी भुल्लन, बीडीओ हरियावां संध्या रानी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।