हरदोई। पंचायत चुनाव के लिए चले पुनरीक्षण कार्यक्रम में मतदाता बनने से वंचित अनंगबेहटा के ग्रामीणों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा है। इसमें बीएलओ पर घर-घर न जाने का आरोप लगा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की मांग की है। यहां करीब 300 लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाए हैं।
कलक्ट्रेट पहुंचे गंगाराम विश्वकर्मा, हरिगोविंद सिंह चौहान, राहुल गुप्ता, राजू शर्मा, सर्वेंद्र सिंह, कल्लू आदि ने बताया कि ग्राम पंचायत में एक माह से पुनरीक्षण कार्यक्रम चल रहा था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बीएलओ ने स्कूल में ही बैठकर सारे फार्म भरे और बाद में ये कहकर अधिकांश को वापस कर दिया कि बस्ता तहसील में जमा हो गया है।
अब वोट नहीं बढ़ पाएंगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 300 से अधिक वोट वार्ड संख्या 5, 6 व 7 में बनने से छूट गए हैं। इस दौरान जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को सौंप बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर राजू, जीशान खान, अलीखान, सुहैल, कययमू, राजेंद्र, मुन्नी, नजीरन मौजूद रहे।