हरदोई के प्राथमिक विद्यालय पैंतापुर में बंद मवेशी। संवाद
- फोटो : HARDOI
पाली (हरदोई)। थाना क्षेत्र के ग्राम पैंतापुर में छुट्टा मवेशियों से परेशान ग्रामीणों ने मवेशियों को प्राथमिक विद्यालय में बंद कर दिया। विद्यालय पहुंचे प्रधानाध्यापक को मवेशियों के बंद होने का पता चला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया, लेकिन वे नहीं मानें। इस पर गांव में ही एक चौपाल पर कक्षाएं लगाईं गईं।
छुट्टा मवेशियों की समस्या किसी से छिपी नहीं है। ग्रामीणों को खेतों में फसल बचाने के लिए रतजगा करना पड़ता है। बावजूद इसके मवेशी फसलों को नुकसान पहुंचा देते हैं। सोमवार को पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पैंतापुर में ग्रामीणों ने छुट्टा मवेशियों को हांककर प्राथमिक विद्यालय परिसर में बंद कर दिया। गेट बंद करने के बाद परिसर के बाहर ही चौकीदारी करने लगे।
विद्यालय पहुंचे प्रधानाध्यापक पवन कुमार ने यूपी 112 और पाली थाना पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान विद्यालय के बच्चे आने लगे तो गांव के प्रतिपाल सिंह की चौपाल पर बच्चों की पढ़ाई शुरू कराई गई। दोपहर बाद ग्रामीण बमुश्किल मानें और फिर मवेशियों को विद्यालय से गहाई गोशाला भिजवा दिया। थानाध्यक्ष डीपी सिंह ने बताया कि गोशाला में मवेशी भेज दिए गए हैं। घटना को लेकर कोई तहरीर नहीं मिली है।