लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर जाम लगाए ग्रामीण। अमर उजाला
- फोटो : HARDOI
बघौली (हरदोई)। थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले दर्जनों गांवों में बिजली संकट से नाराज लोगों ने रविवार दोपहर कराही पावर हाउस के सामने लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर जाम लगा दिया। दो घंटे तक प्रदर्शन के बाद पुलिस और एसडीओ विद्युत मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। ग्रामीणों ने व्यवस्था में सुधार के लिए एसडीओ को ज्ञापन सौंपा है।
तार टूटने समेत लोकल फाल्ट आदि के नाम पर तीन माह से क्षेत्र में कटौती की जा रही है। जिसके कारण अड़ंगापुर, अशर्फाबाद, खुद्दी, सुरपुर, बम्हनाखेड़ा, तिलकपुर व पुन्निया सहित दर्जनों गांव के लोगों को निर्बाध आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। इससे नाराज सैकड़ों लोग रविवार सुबह कराही उपकेंद्र पर एकत्र हो गए। इसके बाद लखनऊ हरदोई राजमार्ग पर जाम लगा प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि आपूर्ति न आने से खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित है।
कहा कि समस्या से निजात दिलाने के लिए जर्जर लाइनों को बदला जाए। पचकोहरा एवं बम्हनाखेड़ा फीडर अलग किए जाएं। ग्रामीण दो घंटे तक राजमार्ग पर जाम लगाए रहे। एंबुलेंस सहित कई अन्य वाहन जाम में फंस गए। एसओ एके सिंह ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बन सकी। इसके बाद सीओ सिटी विजय राना, तहसीलदार रामवीर सिंह, जेई मनोज कुमार व एसडीओ आदित्य यादव मौके पर पहुंचे। तहसीलदार, एसओ व एसडीओ ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया। प्रदर्शन के दौरान धर्मपाल सिंह, हरमीत सिंह, रंजीत सिंह, तारा सिंह, उमेश कुमार, रामनिवास, राजकिशोर व इकबाल सिंह आदि मौजूद रहे।