कछौना। कस्बे के नर्सिंग होम में जच्चा-बच्चा की जान जाने के मामले में मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के गैसिंहपुर गांव निवासी विद्यावती पत्नी ओमीचंद्र को शुक्रवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने कस्बे के राना नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। यहां ऑपरेशन के दौरान उसने बच्ची को जन्म दिया था। इसके बाद ही उसकी मौत हो गई थी। महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया था। इसपर नर्सिंग होम संचालक व कर्मचारी शव को ओटी में बंद कर अस्पताल में ताला लगाकर भाग निकले थे। वहीं, परिजनों ने बच्ची की हालत नाजुक होने पर सीएचसी से जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां से डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर किया था। रास्ते में बच्ची ने भी दम तोड़ दिया था। पुलिस ने जच्चा-बच्चा के शव का पोस्टमार्टम कराया। इधर, मृतक के पति की तहरीर पर पुलिस ने नर्सिंग होम संचालक सुबेदार राना के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले को रफा दफा करने का आरोप लगाया है। कोतवाल राय सिंह ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मामले की जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।