फोटो-10- सागर। स्रोतः परिजन
- कानपुर से बाइक से माझगांव जा रहे थे, संडीला-अतरौली मार्ग पर देर रात हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
संडीला। कानपुर से बाइक से माझगांव जा रहे चचेरे भाइयों को संडीला अतरौली मार्ग पर किसी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से घायल दोनों युवकों काे सीएचसी संडीला ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
कानपुर के महराजपुर थाना क्षेत्र के महोली निवासीी सागर (25) जलजीवन मिशन के तहत कार्य करा रही कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर तैनात था। इन दिनों वह संडीला काेतवाली क्षेत्र के माझगांव में शुरू निर्माण की निगरानी कर रहा था। माझगांव में ही किराए पर रहता था।
बुधवार को वह चचेरे भाई विमल शुक्ला (40) के साथ बुधवार शाम चार बजे अपने घर से संडीला जाने के लिए बाइक से निकला था। देर रात संडीला- अतरौली मार्ग पर आबिदखेड़ा गांव के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए।
राहगीरों से मिली सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संडीला पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने सागर को मृत घोषित कर दिया, जबकि विमल को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। घटना की जानकारी पर परिजन भी सीएचसी पहुंचे। मृतक छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। कोतवाल आनंद नारायण त्रिपाठी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। बाइक में टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में जानकारी नहीं मिली है।