हरदोई। जिला कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के बैनर तले मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में लेटरल एंट्री के तहत हुईं भर्तियों को रद्द करने की मांग की। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने नियुक्त कर्मियों से वेतन रिकवरी की मांग भी की।
सरकार की ओर सीधी भर्ती के संबंध में जारी किए गए विज्ञापन के वापस होने के बाद अभी तक हुई नियुक्तियों को भी रद्द करने की मांग उठी है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष तालिब खान के मार्गदर्शन में कई कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन किया। विभाग के अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को दलित, पिछड़ों और आदिवासियों का हक नहीं मारने दिया जाएगा। विज्ञापन वापस कर सरकार ने उचित कदम उठाया है लेकिन 2019 से अब तक करीब 63 लोगों को लेटरल एंट्री से नियुक्ति की गई है तो अब उनकी भर्ती भी रद्द कर वेतन रिकवरी की जाए। कार्यकर्ताओं नेे प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। इस दौरान अमलेंद्र त्रिपाठी, अजहर चांदसी, विनोद कुमार गुप्ता, दाऊद अहमद, अमीर अहमद, रूबी बेगम, सुनीता देवी व भुट्टो मियां मौजूद रहे।