पाली(हरदोई)। बाइकों को को टक्कर मारकर भाग रही कार गुरुवार देर शाम करीब सात बजे किसान ईंट भट्टे के पास पेड़ से टकराकर खाई में पलट गई। इस हादसे में चालक की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बनी है। सभी को पाली पीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस के अनुसार कार में सवार सभी लोग नशे में थे।
पाली थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी रामऔतार (32) पुत्र रामबक्श पाली के पास भगवंतपुर सबस्टेशन में लाइनमैन हैं। उसकी बहन पिहानी में ब्याही है। गुरुवार को रामऔतार कार से बहन के यहां गया था। उसके साथ पहदेवरा थाने के ख्वाजीपुर गांव निवासी प्रगति कुमार (28) पुत्र बादशाह सबस्टेशन का दूसरा लाइनमैन लाइनमैन शिवशंकर (32) और रिंकू (25) भी थे। शाम को ये लोग पिहानी से दौलतपुर लौट रहे थे।
बताते हैं रास्ते में भगवंतपुर सबस्टेशन पर ये लोग रुके और जमकर शराब पी। इसके बाद कार से दौलतपुर के लिए चल दिए। कार प्रगति चला रहा था। पाली बस स्टैंड चौराहे पर कार ने सिमरिया निवासी रामनिवास की बाइक और एक अन्य की बाइक में टक्कर मार दी। भीड़ कार की ओर दौड़ी तो चालक प्रगति कुमार ने स्पीड तेज कर दी। तेज रफ्तार कार बरगद चौराहे से निकलती हुई रूपापुर रोड पर किसान ईट भट्ठे के पास एक पेड़ से टकरा गई।
टक्कर लगने से कार सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में प्रगति कुमार की मौत हो गई और अन्य लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलाें को पाली पीएचसी पर ले गई। वहां से डॉक्टरों ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक शिवशंकर की हालात बेहद नाजुक है। थानाध्यक्ष दीनानाथ मिश्र ने बताया कि कार सवार लोग शराब के नशे में थे।