हरदोई। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जनपद में 158 परीक्षा केंद्र बनाने के बाद 125 विद्यालयों की ओर से प्रत्यावेदन दिए गए हैं। इसमें नौ प्रधानाचार्य ऐसे हैं जिन्होंने सुविधाएं न होने का हवाला देते हुए उनके विद्यालयों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाने का आवेदन दिया है। वहीं 41 प्रधानाचार्य ऐसे भी हैं, जिन्होंने केंद्र बनाए जाने के लिए प्रत्यावेदन किया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दुबे ने बताया कि परीक्षा केंद्र बनाए जाने के बाद विद्यालयों से प्रत्यावेदन मांगे गए थे। 125 विद्यालयों ने प्रत्यावेदन दिए हैं। इसमें से नौ विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने परीक्षा केंद्र हटाए जाने के लिए प्रत्यावेदन दिया है। 41 प्रधानाचार्यों ने परीक्षा केंद्र बनाए जाने के लिए प्रत्यावेदन किया है। 58 विद्यालयों की ओर से कहा गया कि उनके छात्र-छात्राओं को अधिक दूरी पर केंद्र आवंटित हो गए हैं, जिससे उनको दिक्कत होगी। 17 विद्यालयों द्वारा उनके परीक्षा केंद्र पर धारण क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं के आवंटन होने का प्रत्यावेदन दिया है। डीआईओएस का कहना है कि सभी के प्रत्यावेदनों पर जांच की जा रही है।
कलक्ट्रेट में हुई परीक्षा केंद्रों की जनपदीय समिति में जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सभी उप जिलाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों की जांच कर तीन दिन के अंदर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इधर, उपजिलाधिकारियों सहित समस्त संबंधित अधिकारियों ने निरीक्षण शुरू कर दिया है।