हरदोई में हरपालपुर के ग्राम हड़हा में मामूली विवाद होने पर किसान के घर पर वाहनों से आए पड़ोसी गांव मिरगावां के ग्रामीणों ने हमला कर दिया, जिसमें गंभीर रूप से घायल हुए किसान की मौत हो गई है। मृतक के भाई ने निवर्तमान प्रधान के पति समेत छह लोगों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या और बलवे की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सोमवार की शाम मिरगावां निवासी रामप्रकाश ट्रैक्टर ट्राली में गन्ना लादकर सवायजपुर की तरफ जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में खड़े हड़हा निवासी शिवसिंह से रामप्रकाश ने शराब के नशे में गाली गलौज की। कुछ लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया।
इसके बाद रामप्रकाश अपने गांव से दो ट्रैक्टर ट्रालियों में ग्रामीणों और वैन व गाड़ी में मिरगावां के निवर्तमान प्रधान के पति छंगे लाल, मान सिंह, होरी लाल, विनय प्रताप, रामप्रकाश आदि के साथ गांव पहुंचा और शिवसिंह के घर पर हमला बोल दिया। घर में घुसकर शिवसिंह के भाई कंबू (31) को लाठी डंडों और रॉड से बुरी तरह से पीटने लगे।
अन्य परिजनों के आने पर हमलावर अपने वाहन छोड़कर भाग गए। गंभीर रूप से घायल कंबू को परिजन पहले हरपालपुर कोतवाली और फिर सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां से कंबू को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान मंगलवार को तड़के कंबू की मौत हो गई।
घटना की जानकारी से परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी पूनम और मां रामबेटी बदहवास हो गईं। मृतक के भाई शिवसिंह ने मिरगावां के निवर्तमान प्रधान के पति छंगेलाल समेत छह लोगों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या, घर में घुसकर मारपीट करने और बलवे की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मौके से दो ट्रैक्टर, एक वैन, एक स्कार्पियो भी बरामद की हैं।