संडीला। बेमौसम की एक घंटे की बरसात ने नगर को जलमग्न कर दिया। बारिश से गर्मी में तो राहत मिली, लेकिन जलभराव से लोगों को दिक्कतें हुईं। बारिश ने नगर की जलनिकासी व्यवस्था को आईना दिखा दिया और लोगों को जलभराव से होकर गुजरना पड़ा।
मंगलवार शाम करीब एक घंटे तक हुई तेज बरसात से नगर के कई प्रमुख मोहल्लों में जलभराव हो गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन पर कई स्थानों पर पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित रहा। वहीं नगर पालिका कार्यालय के पास, शोरा कोठी, गल्ला मंडी और कोतवाली क्षेत्र के आसपास सड़कों पर पानी भर गया।
जलभराव के कारण कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और नगर में जाम की स्थिति पैदा हो गई। लोगों को पानी से भरी सड़कों से होकर निकलना पड़ा, जिससे दैनिक कार्यों में भी बाधा आई। नगर पालिका की तरफ से मानसून को देखते हुए नालों और नालियों की सफाई कराई जा रही है। यह काम 20 जून तक पूरा करा लिए जाने का दावा किया जा रहा है। जबकि बेमौसम हुई तेज बरसात ने नगर में जलभराव कर दिया। इससे सफाई व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।