फोटो-15- लखनऊ हरदोई मार्ग पर ककेड़ा गांव के पास सड़क किनारे खड्ड में पलटी पड़ी ट्रैक्टर ट्राली व मौ?
- फोटो : HARDOI
बघौली। टड़ियावां से ग्राम कोढ़रा जा रही ट्रैक्टर ट्राली हरदोई लखनऊ मार्ग पर ग्राम ककेड़ा के पास अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली सवार चार लोगों समेत पांच लोग घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।
टड़ियावां कस्बा निवासी विमलेश चारा कटाई करने के लिए ट्रैक्टर ट्राली में मशीन लेकर बुधवार को बघौली के कोढ़वा गांव जा रहा था। ट्रैक्टर ट्राली पर कस्बे के ही पप्पू (37), शिवम कुशवाहा (21), सुरजीत (22) और गया सिंह (40) समेत कई लोग सवार थे।
रास्ते में लखनऊ हरदोई मार्ग पर सुरसा के ककेड़ा गांव के पास अचानक सामने आई बाइक को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार शिवम, सुरजीत, पप्पू व गया सिंह ट्रैक्टर ट्राली के नीचे दबने से घायल हो गए।
इसके अलावा चपेट में आने से जरेरा निवासी बाइक सवार रामनरेश वर्मा (58) भी घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।