मल्लावां। घर के बाहर तखत पर बैठे बुजुर्ग के ऊपर बृहस्पतिवार सुबह अनियंत्रित डीसीएम पलट गई। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरा।
कोतवाली क्षेत्र के गांव जरेरा निवासी रामसनेही (55) चाय की दुकान लगाते थे। उनका गांव बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर स्थित है। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे रामसनेही घर के बाहर तखत पर बैठे थे। इस दौरान उन पर सीतापुर से आम लादकर मध्यप्रदेश जा रही डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे रामसनेही नीचे दब गए। वहीं, लगे पेड़ की शाखाएं भी डीसीएम की टक्कर से टूट गईं।
चौराहे पर मौजूद लोगों ने परिजनों की मदद से उनको बाहर निकाला। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मध्यप्रदेश के थाना व ग्राम राजगढ़ निवासी चालक अदराम को हिरासत में लिया है। मृतक अपने भतीजे धर्मेंद्र के साथ रहता था, अविवाहित था। थानाध्यक्ष बालेंद्र मिश्रा ने बताया कि डीसीएम को कब्जे में लिया गया है। मृतक के भतीजे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। डीसीएम चालक ने बताया कि स्टेयरिंग जाम होने की वजह से यह हादसा हुआ है।