फोटो-03- अश्वनी कुमार। स्रोतः परिजन
फोटो-04- मोर्चरी के बाहर खड़े मृतक अश्वनी कुमार के परिजन। संवाद
फोटो-22- महरेपुर में खंती में गिरी कार। संवाद
- कार मौके पर छोड़ चालक भागा, हरदोई सवायजपुर मार्ग पर हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
सवायजपुर। साले तिलक में शामिल होकर वापस आ रहे बाइक सवार युवक को हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद कार सड़क किनारे खंती में पलट गई, लेकिन चालक मौके से भाग निकला।
सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के पकरी मजरा रामपुर लालजी निवासी अश्वनी कुमार (34) नकटौरा पुलिया पर बोरिंग व पाइप की दुकान चलाता था। उसकी ससुराल शाहजहांपुर जनपद के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गुलरिया गांव में है। बीते रविवार को वह अपने साले के तिलक में शामिल होने बाइक से गया था।
सोमवार की सुबह बाइक से वापस गांव जा रहा था। दिन में लगभग 11:30बजे हरदोई सवायजपुर मार्ग पर महरेपुर गोशाला के पास हरदोई की तरफ से जा रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अश्वनी को परिजनों और पुलिस ने सीएचसी बावन पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया।
यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का पता चलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में पत्नी ममता और एक पुत्री है। सवायजपुर के प्रभारी निरीक्षक प्रेम सागर सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है। कार पुलिस ने कब्जे में ले ली है। परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।