फोटो-13-घटनास्थल पर जली पड़ी बाइक। संवाद
हरदोई/हरियावां। देहात कोतवाली क्षेत्र के भूराटीकुर के पास शनिवार सुबह बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टंकी फट जाने से बाइक में आग लग गई। जलती हुई बाइक के नीचे गिर जाने से युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक का भाई और बेटा गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मूलरूप से हरियावां निवासी प्रतिपाल उर्फ गुड्डू कश्यप हरदोई में पुलिस लाइन के सामने स्थित मोहल्ले में परिवार समेत रहते हैं। वह पुलिस लाइन के पास मूंगफली और आलू का ठेला लगाते हैं। उनके पुत्र अमित (32) बालाजी हॉस्पिटल के सामने मूंगफली का ठेला लगाते थे। गुड्डू ने बताया कि शुक्रवार रात वह अपने बेटों अमित, गोलू, सनी (20) और अमित के बेटे रचित (13) के साथ गांव गेहूं की मड़ाई कराने गए थे। रात भर मड़ाई होने के बाद शनिवार सुबह लगभग चार बजे अमित, सनी और रचित बाइक से हरदोई जाने के लिए निकले थे। भूराटीकुर के पास अचानक बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई।
इस दौरान बाइक की टंकी फट जाने से उसमें आग लग गई। टक्कर लगने से रचित और सनी सड़क की तरफ गिरे जबकि अमित जलती हुई बाइक के नीचे ही गिर गए। इस कारण अमित की जिंदा जल कर मौत हो गई। गश्त पर निकली यूपी 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को मेडिकल कॉलेज हरदोई भेजा। इनसे मिली जानकारी के आधार पर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि दोनों घायलों का इलाज चल रहा है।
बदहवास हो गई पत्नी, इकलौते बेटे के स्वास्थ्य पर निगाह
अमित के परिवार में पत्नी पूजा, दो बेटियां और इकलौता बेटा रचित है। पूजा और दो बेटियां हरदोई वाले मकान में थीं। सुबह लगभग नौ बजे उन्हें घटना की जानकारी दी गई। पता चलते ही पूजा बदहवास हो गईं। बमुश्किल परिजन उसे संभाल पाए। बेटे के घायल होने का पता चलने पर वह घटनास्थल से मेडिकल कॉलेज पहुंचीं। यहां बेटे की देखभाल में लगी रहीं। इस दौरान उसकी दोनों बेटियां भी बदहवास नजर आईं।
फोटो-13-घटनास्थल पर जली पड़ी बाइक। संवाद