फोटो-33- गन्ना भरे ट्रक के पीछे घुसी कार। अमर उजाला
- फोटो : HARDOI
हरदोई। हरियावां थाना क्षेत्र में हरदोई-पिहानी मार्ग पर मंगलवार देर रात शादी समारोह से लौट रही कार बेकाबू होकर गन्ना भरे ट्रक में घुस गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया।
बिलग्राम कस्बे के मोहल्ला सुल्हाड़ा निवासी शिवम (20) पुत्र अशोक अविवाहित था। वह तीन भाई-बहनों में बड़ा था। वह कस्बा स्थित गैस एजेंसी पर काम करता था। परिजनों के मुताबिक शिवम मंगलवार को चचेरे भाई सुमित (21) पुत्र कमलेश के साथ पिहानी के बूढ़ागांव स्थित उसकी ननिहाल में शादी समारोह में शामिल होने कार से गया था। जहां से देर रात दोनों कार से लौट रहे थे। कार सुमित चला रहा था। रास्ते में हरियावां थाना क्षेत्र में हरदोई-पिहानी मार्ग पर अरूआ तिराहे के पास बेकाबू कार सड़क के किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से सड़क पर जाम लग गया।
पुलिस ने कार में दबे दोनों युवकों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद पुलिस ने जाम खुलवाया। सूचना मिलने पर परिजन भी आ गए। चिकित्सक ने दोनों की हालत नाजुक होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जहां पर शिवम ने देर रात दम तोड़ दिया। वहीं परिजनों ने सुमित की हालत नाजुक बताई है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शिवम का शव घर आते की कोहराम मच गया है। हरियावां एसओ अरुणेश गुप्ता ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।