थाना क्षेत्र में गांजा पीने के विवाद में चाचा-भतीजे
को चाकुओं से गोद दिया गया, जिससे चाचा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं
भतीजे की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
मिली जानकारी के
अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम बाबरपुर निवासी राम दुलारे (35) पुत्र बाबू
राम अपने भतीजे राधा रमण (25) पुत्र राम बेटा दीक्षित के साथ शनिवार की देर
शाम गांव के उत्तर स्वामी शरण के खेत में गांव निवासी सुरेंद्र पुत्र घुरई
के साथ बैठे थे। पुलिस ने बताया कि वहां पर बातचीत के दौरान उन लोगों में
गांजा पीने को लेकर विवाद हो गया।
इस पर उनमें मारपीट होने लगी। पुलिस ने
बताया कि विवाद बढ़ने पर सुरेंद्र ने चाकू से दोनों पर हमला बोल दिया और
चाचा भतीजे पर ताबड़तोड़ चाकू चलाने के बाद भाग गया। घटना की जानकारी
परिजनों को होते ही हड़कंप मच गया। आनन फानन में परिजन दोनों को लेकर
स्वास्थ्य केंद्र पाली पहुंचे। जहां पर चिकित्सक ने राम दुलारे को मृत
घोषित कर दिया।
वहीं राधा रमण की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर
कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और घटना
के विषय में जानकारी ली। राम बेटा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध
रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में घटना के बाद
से सन्नाटा पसरा हुआ है।