हरदोई। पिहानी-चपरतला मार्ग पर पिहानी कोतवाली क्षेत्र में दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। घटना में एक बाइक पर सवार चाचा -भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। मेडिकल कॉलेज में चाचा की मौत हो गई, जबकि भतीजे को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के चठिया बुजुर्ग निवासी सुमित (23) बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र था। उसका ननिहाल जलपाईगुड़ी में है। शनिवार शाम वह अपने पारिवारिक भतीजे रजनीश (21) के साथ बाइक से हरदोई गया था। यहां उसने रेलवे स्टेशन पर जलपाईगुड़ी जाने के लिए रिजर्वेशन कराया। इसके बाद दोनों बाइक से वापस गांव जा रहे थे। पिहानी-चपरतला मार्ग पर चठिया मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही बाइक ने सुमित की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सुमित और रजनीश घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक पर सवार लोग मौके से भाग निकले।
दोनों घायलों को पिहानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान कुछ देर बाद सुमित की मौत हो गई। रजनीश को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
इकलौता बेटा था सुमित, 16 को हुई थी बहन की शादी
सुमित के पिता राजपाल खेती करते हैं। सुमित पढ़ने में होशियार था। किसी तरह उसे कृषि शाखा से बीएससी की पढ़ाई परिजन करा रहे थे। सुमित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बीती 16 नवंबर को ही सुमित की बहन शिल्पी की शादी टड़ियावां थाना क्षेत्र के लालापुरवा गांव में हुई थी। सुमित का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया।