भरावन। बारिश के कारण सोमवार देर शाम अतरौली थाना क्षेत्र के शंकरपुर में दीवार ढहने से मलबे में दबी वृद्धा की मौत हो गई। मृतका की बहू भी मामूली रूप से घायल हुई हैं।
शंकरपुर निवासी नत्था खेती करते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम लगभग 7:30 बजे उनकी पत्नी मूला (70) मकान में ही कच्ची दीवार के पास बैठकर आम खा रही थीं। पास ही उनकी बहू सीमा (40) भी खड़ी थीं। लगातार बारिश होने के कारण अचानक कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे में मूला दब गईं जबकि सीमा भी चोटिल हो गईं। शोर सुनकर एकत्र हुए परिजन ने पड़ोसियों की मदद से मलबा हटाया। मूला को सीएचसी भरावन ले जाया गया। यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पांडेय ने बताया कि परिजन की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। दीवार ढहने से मलबे में दबकर वृद्धा की मौत हुई है।