पंचायत सहायकों से काम न लेने पर दो वीडीओ से जवाब-तलब
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। गांवों में तैनात पंचायत सहायकों से काम न लिए जाने और बैठकों में गैरहाजिरी पर हरपालपुर के सहायक विकास अधिकारी ने नाराजगी जाहिर की है। दो वीडीओ (ग्राम विकास अधिकारियों) से साक्ष्य सहित जवाब मांगे है। जवाब न आने और संतोषजनक न होने पर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति किए जाने की चेतावनी दी है।
गांवों में पंचायत सचिवालयों के कार्यालयों के संचालन के लिए पंचायत सहायकों की भी तैनाती की गई है। पंचायत सहायकों को डाटा इंट्री और भुगतान की प्रक्रिया तक पूरी करने की जिम्मेदारी दी गई है। सीडीओ और डीडीओ को भेजे पत्र में कहा है कि विकास खंड हरपालपुर में तैनात ग्राम विकास अधिकारी गौरव मिश्रा के क्लस्टर की ग्राम पंचायतों में राज्य वित्त और 15वां वित्त आयोग की मद के रुपये खर्च किए जाने की भी स्थिति ठीक नहीं है। पंचायत सहायकों से भी काम नहीं लिया जा रहा है। जिससे ग्राम पंचायतों के काम भी प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे ही हरपालपुर में ही तैनात अभिषेक पाल भी बैठकों में गैरहाजिर रहते हैं। काम के प्रति रुचि न लिए जाने पर नोटिस जारी किया गया है।