हरदोई। खरीफ फसलों में उर्वरक की बिक्री में गड़बड़ी पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की है। जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र पाठक ने मंगलवार को शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों की कई उर्वरक दुकानों पर जांच-पड़ताल की। गड़बड़ी पर दो विक्रेताओं को नोटिस दिया।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि खरीफ फसलों में किसानों को आसानी से उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए छापा मारा जा रहा है। निजी विक्रेताओं के माध्यम से उर्वरक की नियत मूल्य पर बिक्री के लिए आदेश दिए गए हैं। साथ ही मुख्य उर्वरक के साथ अन्य उत्पाद दिए जाने पर भी रोक लगाई गई है। बताया कि कई उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों की जांच-पड़ताल की गई है। इसमें गुप्ता एंड कंपनी और पूजा खाद भंडार में गड़बड़ी मिली। दोनों विक्रेताओं से साक्ष्य सहित जवाब मांगे गए हैं। जवाब न आने व संतोषजनक न होने पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
बताया कि उर्वरक की दुकानों की जांच के लिए ब्लॉक और तहसीलों पर सचल दल बनाए गए हैं। किसानों से अपील की गई है कि अधिक मूल्य लिए जाने व अन्य उत्पाद दिए जाने पर कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराएं। किसानों के लिए कंट्रोल रूम नंबर 9695588008 व 8960717008, 05852-299155, 05852-299156 और 05852-299157 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।