सांडी। सांडी थानाक्षेत्र अंतर्गत बिलग्राम मार्ग पर सखेड़ा मोड़ के पास दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मृतक की पत्नी और दो बच्चे घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। इससे सिर में गंभीर चोटें आईं और दोनों की जान चली गई।
सांडी थानाक्षेत्र के कतलपुरवा निवासी पुत्तूलाल (32) गुजरात में एक प्राइवेट फैक्टरी में काम करता था। दिवाली पर वह गांव आया था। भाई दूज के मौके पर बुधवार को पत्नी आरती (30), पुत्र प्रियांशु (4) और पुत्री प्रियांशी (2) के साथ ससुराल बिलग्राम के धन्नापुरवा गया था। गुरुवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे बाइक से चारों वापस अपने गांव जा रहे थे। सांडी-बिलग्राम मार्ग पर विपरीत दिशा से बाइक से बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के म्योरा मोड़ निवासी शिवम (30) आ रहा था। दोनों की बाइकों में सीधी भिड़ंत हो गई। घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई।
शिवम के मौसेरे भाई बिराइचमऊ निवासी पिंटू और सराेज, भतीजे शिवा के साथ दूसरी बाइक पर पीछे से आ रहे थे। मौके पर पहुंचकर इन लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरती, प्रियांशु और प्रियांशी को सीएचसी सांडी में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक सुनील दत्त कौल ने बताया कि घटना संज्ञान में है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बहन के घर से भाई दूज मनाकर लौट रहा था शिवम
घटना में जान गंवाने वाला म्योरा मोड़ निवासी शिवम दो भाइयों में छोटा था और अविवाहित था। शिवम पंजाब में एक फैक्टरी में काम करता था। 15 दिन पहले पर्व मनाने गांव आया था। भाई दूज पर बुधवार को वह बहन संगीता के पास शाहजहांपुर जनपद के अल्हागंज कोईला गया था। उसके मौसेरे भाई पिंटू, सरोज भतीजा शिवा भी वहां गए थे। दो बाइक पर सवार होकर चारों लोग गुरुवार को बहन के घर से वापस गांव आ रहे थे। रास्ते में ही हादसा हो गया और शिवम की मौत हो गई।