हरदोई। वर्ष 2009 से 2016 तक हुए 5.45 करोड़ के पेंशन घोटाला में वसूली के लिए शेष करीब तीन करोड़ की वसूली के लिए आरोपियों की संपत्ति का ब्योरा जुटाया जाएगा। इसके लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। जिलाधिकारी ने समिति से एक माह में पूरी रिपोर्ट तलब की है।
कोषागार से पेंशन के होने वाले भुगतान में 61 मामलों में पांच करोड़ 45 लाख 88 हजार 881 रुपये के घोटाला की पुष्टि हुई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर उस समय यहां पर तैनात रहे वरिष्ठ कोषाधिकारियों दीपांकर शुक्ला, मुकुंदी लाल व देवी प्रसाद, सहायक कोषाधिकारी मोतीलाल, लेखाकार राकेश कुमार सिंह व चतुर्थ श्रेणी कर्मी मुंशी लाल सहित घोटाला में शामिल रहे साजिद अली, अशोक कुमार, दिनेश प्रताप सिंह, सुशील कुमार पांडेय व अशोक कुमार गुप्ता के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इस मामले में शासन ने लेखाकार सहित तीन वरिष्ठ कोषाधिकारियों को बर्खास्त कर दिया था।
बताया गया कि 5.45 करोड़ के घोटाले में से करीब तीन करोड़ आठ लाख एक हजार 951 रुपये की वसूली होनी बाकी है। डीएम एमपी सिंह ने बताया कि वित्त मंत्री ने घोटाला की समीक्षा के बाद वसूली कराने पर जोर दिया है। बताया कि आरोपियों की नामी, बेनामी संपत्तियों का ब्योरा जुटाने के लिए एसडीएम न्यायिक धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर और कोषागार एवं पेंशन विभाग के संयुक्त निदेशक अरुण कुमार सिन्हा को समिति में नामित किया है। समिति पेंशन घोटाल की राशि प्राप्त करने वाले बैंक खातों व उन खातों से होने वाले लेनदेन व खरीदारी आदि का पूरा ब्योरा खंगाल कर रिपोर्ट प्राप्त कराएगी।
-
संपत्तियों के चिह्नित होने पर कराई जाएगी नीलामी
डीएम ने बताया कि घोटाला के आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा और शासकीय राशि की पाई-पाई की वसूली कराई जाएगी। आरोपियों की संपत्तियों के चिह्नित होते ही नीलामी की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।