- वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने मांगा प्रस्ताव
- चार जोड़ी ट्रेनें मिलने से यात्रियों का सुगम होगा सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। त्योहारी मौसम में दो विशेष ट्रेनों के हरदोई स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी मिल सकती है। सीनियर डीसीएम (वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक) ने हरदोई स्टेशन पर दो ट्रेनों का ठहराव करने के लिए प्रस्ताव मांगा है। फिलहाल दो जोड़ी त्योहार विशेष ट्रेनें स्टेशन पर रुक रही हैं।
दीपावली के लिए रेलवे ने त्योहार विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत कई विशेष ट्रेनें चलाई गईं, इनमें से अभी जिले में सिर्फ दो जोड़ा साप्ताहिक ट्रेन का ठहराव हरदोई में हुआ है। इनमें चंडीगढ़ से पटना के बीच ट्रेन 04504-03 और नई दिल्ली से गोरखपुर के बीच 04022-21 ट्रेन चल रही है।
यात्री कुछ और ट्रेनों के ठहराव की मांग करते आ रहे थे। हाल ही में मंडल वरिष्ठ वाणिज्य रेल प्रबंधक आदित्य गुप्ता जिले में आए तो उनके सामने इस मांग को रखा गया। उन्होंने सीएमआई अंबुज मिश्रा को प्रस्ताव तैयार कर मंडल कार्यालय भेजने के निर्देश दिए।
सीएमआई ने लखनऊ–नई दिल्ली फेस्टिवल एक्सप्रेस (04203/04204) और धनबाद–चंडीगढ़–धनबाद फेस्टिवल एक्सप्रेस (03311/03312, वाया दिल्ली) के ठहराव का प्रस्ताव तैयार कर मंडल कार्यालय भेज दिया है। सीएमआई ने कहा है कि जल्द ही प्रस्ताव को स्वीकृति मिल जाएगी। इन दोनों ट्रेनों का ठहराव दिन में हरदोई स्टेशन पर होगा, जिससे यात्रियों को फायदा होगा।