बावन कस्बे में बाबा मकदूम शाह की मजार पर रखा ट्रांसफार्मर की लीडें खराब हो जाने से आधे कस्बे में हाई वोल्टेज आ गया। जिससे कई घरों के विद्युत उपकरण फुंक गए।
त्योहार के दिन अचानक आए हाई वोल्टेज से जहां उपभोक्ताओं का खासा नुकसान हो गया, वहीं बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों को परेशानी हुई। लोगाें के अनुसार अभी तक लो-वोल्टेज आ रहा था, जिसकी जानकारी होने के बाद भी सुधार नहीं किया गया।
बावन कस्बा में बाबा मकदूम शाह की मजार के नजदीक रखे ट्रांसफार्मर से आधे कस्बे को विद्युत आपूर्ति होती है। बताया गया कि ट्रांसफार्मर बीते कुछ दिनों से खराब है। अभी तक आधे कस्बे के घरों में लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई थी।
ऐसे में घरों में विद्युत बल्ब जल ही नहीं पा रहे थे। हालांकि सीएफएल से कुछ रोशनी हो पा रही थी।
बताया गया कि बुधवार को जहां एक ओर दीपावली को लेकर लोगों ने अपने घरों को रोशन कर रखा वहीं अचानक हाई-वोल्टेज आ गया और कई घरों के बल्ब, पंखे और फ्रिज फुंक गए।
जानकारी करने पर पता चला कि ट्रांसफार्मर की फेस की लीडों में खराबी की वजह से टू फेसिंग हो गई और उपकरण फुंक गए। हाई-वोल्टेज से शहीद हुसैन, नसीब हुसैन, शीबू खां, आरिफ मंसूरी, योगेंद्र सिंह सहित तमाम लोगों के घरों के उपकरण जल गए। बताया गया कि इस बाबत पावर हाउस पर पहले से ही जानकारी दी जा चुकी थी, पर बनाया नहीं गया। वहीं अब नया ट्रांसफार्मर ही रखने की बात कही जा रही है।