हरदोई। बीते 31 अगस्त को महिला का मंगलसूत्र नोचे जाने की घटना का खुलासा शहर कोतवाली पुलिस ने कर दिया। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पुलिस ने दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। भागने की कोशिश में एक शातिर के गिर जाने के कारण उसके पैर में चोट आई है।
सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के पलिया निवासी रंजना बीते 31 अगस्त को शहर के डाकघर आई थीं। चार साल की बेटी के साथ वापस घर जाते समय बावन रोड पर चिरंजीव हॉस्पिटल के पास बाइक सवार दो लोगों ने उन्हें रोककर उनका मंगलसूत्र नोच लिया था। मामले की प्राथमिकी शहर कोतवाली में दर्ज की गई थी। सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस जांच कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना पर शनिवार आधीरात के बाद बावन रोड बाईपास पर पुलिस ने लखनऊ मूलरूप से अरवल थाना क्षेत्र के सिया मगरौल निवासी सत्यम शुक्ला और लखनऊ के मड़ियाव थाना क्षेत्र के सेमरा गौढ़ी निवासी सुंदरलाल को गिरफ्तार किया है।
बताया कि पुलिस को देखकर भागने के दौरान सत्यम शुक्ला गिरकर घायल हुआ है। उसके दाहिने पैर में चोट आई है। लूटा गया मंगलसूत्र बरामद हुआ है। सत्यम शुक्ला के खिलाफ लखनऊ के अलीगंज मड़ियाव, दुबग्गा, ठाकुरगंज, गोमतीनगर, समेत कई थानों में कुल 29 मामले दर्ज हैं। इसी तरह सुंदरलाल के खिलाफ भी लखनऊ के अलग-अलग थानों में छह मामले दर्ज हैं।
फोटो-7-सुंदरलाल। संवाद