मल्लावां। भैंस बेचकर 58,000 रुपये सुनार को देने के लिए निकले व्यक्ति से ई-रिक्शा पर सवार टप्पेबाज 50,000 रुपये छीन कर भाग गए। एक पेट्रोल पंप को पूरी घटना रिकार्ड हो गई।
उन्नाव जनपद फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के गांव रुस्तमपुर निवासी रामआसरे कोतवाली में तहरीर दी है। जिसमें बताया कि उसके पुत्र विपिन कुमार की कस्बे के राघौपुर मार्ग एक पेट्रोल पंप के पास चाय की दुकान है। रामआसरे के मुताबिक उसने शुक्रवार को एक भैंस 58,000 रुपए में बेची थी। कस्बा निवासी एक सुनार की उस पर उधारी है। इसलिए 58,000 रुपये उसे सुनार को देने थे। वह अपने पुत्र को सुनार के यहां साथ ले जाना चाहता था। शुक्रवार की दोपहर वह बस से बांगरमऊ से मल्लावां के बड़ा चौराहा पर उतर लिया।
यहां से वह ई-रिक्शा पर बैठ कर अपने पुत्र की दुकान की ओर जाने लगा। ई रिक्शा पर दो व्यक्ति सवार हो गए। दावा है कि पेट्रोल पंप के पास पहुंचने पर आरोपी ने उसकी जेब काट कर रुपये निकालने लगा। इस दौरान उसको कुछ सुगबुगाहट हुई। वह रुपये निकालने की बात जान गया। इस दौरान उसकी आरोपियों से रुपये छीनने को लेकर छीना झपटी हो गई। 58,000 में से आठ हजार रुपए सड़क पर गिर गए। छीना-झपटी होते देखकर पेट्रोल पंप पर मौजूद लोग सड़क की ओर दौड़े।
इस दौरान ई-रिक्शा के पास दो बाइकें आकर रुकीं और मौका पाकर दोनों आरोपी 50,000 रुपए लेकर बाइकों पर सवार होकर भाग गए। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। प्रशिक्षु सीओ हरे कृष्ण शर्मा और सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश मौके पर पहुंचे। पुलिस की जांच में पेट्रोल पंप के सीसीटीवी पूरी घटना रिकार्ड हो गई। अतिरिक्त इंस्पेक्टर केबी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।