बेहटागोकुल (हरदोई)। बाइक चलाकर दिखाने का खेल दो ममेरे भाइयों के लिए जानलेवा साबित हुआ। अनियंत्रित होकर बाइक सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा गई। ग्रामीण दोनों को लेकर आनन-फानन ही जिला अस्पताल गए, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।
बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर बाजार निवासी सर्वेश कुमार खेती करता है। उसका पुत्र ज्ञानेंद्र उर्फ गोलू (14) गांव में ही उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। सर्वेश की बहन मालती और बहनोई देवेंद्र कुमार गाजियाबाद में रहते हैं। बुधवार को होली मिलने के लिए देवेंद्र और मालती इकलौते पुत्र कुलदीप (13) के साथ सिकंदरपुर बाजार आए थे। सभी परिजन घर के अंदर थे।
इसी दौरान कुलदीप और ज्ञानेंद्र आपस में बाइक चलाकर दिखाने की बात करने लगे। कुछ देर बाद दोनों बाइक से गांव के संपर्क मार्ग पर निकल गए और कुछ दूरी पर सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा गए। हेलमेट न लगाने से दोनों के सिर में गंभीर चोट आई। ग्रामीणों ने घटना देखी तो परिजनों को सूचना दी और दोनों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने कोई कार्रवाई करने से इनकार कर दिया और शव लेकर घर चले गए। देवेंद्र और मालती इकलौते पुत्र का शव लेकर पैतृक गांव शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के हरिदासपुर चले गए। देवेंद्र और सर्वेश ने किसी तरह की कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया और पुलिस को भी सूचना नहीं दी। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।