हरदोई। लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर देहात कोतवाली क्षेत्र में रोडवेज बस ने बाइक सवार फुफेरे भाइयों को टक्कर मार दी। इस दौरान दूसरी बाइक से यह बाइक टकरा गई। घटना में दोनों बाइक पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मेडिकल कॉलेज में इनमें से एक को मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद चालक रोडवेज बस समेत मौके से चला गया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के खेतुई निवासी विशाल राठौर (21) बालाजी मंदिर के बाहर स्थित प्रसाद की दुकान पर काम करते थे। खाली समय में वह मंदिर में रहकर सेवा कार्य भी करते थे। ताऊ राम कुमार राठौर ने बताया कि रविवार सुबह आठ बजे प्रसाद बनाने का सामान खरीदने के लिए विशाल अपने फुफेरे भाई लोनार कोतवाली क्षेत्र के बिरसिंहपुर निवासी नीरू (19) के साथ बाइक से हरदोई जा रहे थे।
नानकगंज झाले के पास लखनऊ की तरफ से आ रही रोडवेज बस ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इस कारण उनकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर प्राइवेट अस्पताल से ड्यूटी कर घर जा रहे देहात कोतवाली क्षेत्र के मंगोलापुर निवासी याकूब (20) और उनके दोस्त बघौली थाना क्षेत्र बेहटा मुर्तजाबक्स निवासी सचिन (18) सवार थे। घटना में विशाल, नीरू, याकूब और सचिन घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से चारों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां विशाल को मृत घोषित कर दिया गया। बाकी तीन का उपचार चल रहा है।
बहन की शादी के 19वें दिन भाई की मौत से मां बदहवास
विशाल अपने परिवार का भरण पोषण करने वाला अकेला शख्स था। पिता बिन्नू राठौर कुछ नहीं करते हैं। बालाजी मंदिर परिसर में प्रसाद की दुकान पर कार्य करने के साथ ही महंत के सहयोगी के रूप में विशाल काम करते थे। बीते 20 मई को विशाल ने अपनी बहन की शादी धूमधाम से की थी। चार भाई-बहनों में सबसे बड़े विशाल की मौत की जानकारी पर मां मीना बदहवास हो गईं। उन्हें संभालना मुश्किल हो गया।
परिवहन निगम के अधिकारियों को जानकारी नहीं
रोडवेज के बस स्टेशन से महज चार किलोमीटर दूर लखनऊ से आ रही बस से हुई दुर्घटना के बारे में परिवहन निगम के अधिकारियों को कोई जानकारी नहीं है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि वह तो सुबह छह बजे से ही बस स्टेशन पर मौजूद हैं लेकिन उनको इसके बारे में कोई जानकारी ही नहीं है। उधर, देहात कोतवाल हरिनाथ यादव ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजन से शिकायती पत्र लेकर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो- 18- विशाल राठौर। फाइल फोटो
फोटो- 18- विशाल राठौर। फाइल फोटो
फोटो- 18- विशाल राठौर। फाइल फोटो