सवायजपुर। सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के गंगा एक्सप्रेसवे के रूपापुर पुल के पास कार ने बाइक में टक्कर मार दी। शनिवार रात हुई घटना में बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। एक को सीएचसी सवायजपुर में और दूसरे को मेडिकल कॉलेज में मृ़त घोषित कर दिया गया। घटना के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर भाग निकला।
सैदापुर कौशिया गांव निवासी प्रवीण (39) खेती करने के साथ वैन भी चलाते थे। प्रवीण के बड़े भाई राजीव कुमार के मुताबिक प्रवीण की पुत्री प्रज्ञा (15) की तबीयत खराब थी। उसकी दवा लेने प्रवीण शनिवार रात अकेले रूपापुर बाइक से जा रहे थे। इस दौरान उन्हें गांव निवासी बटाई पर खेती करने वाले रावेंद्र कुमार (55) मिले। उन्होंने साथ चलकर अपनी दवा लाने की बात कही। दोनों बाइक से रूपापुर बाजार गए। वहां डॉक्टर से दवा ली। फिर दोनों बाइक से वापस गांव आ रहे थे।
इस दौरान उन्नाव-कटरा मार्ग पर सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के गंगा एक्सप्रेसवे के रूपापुर पुल के पास फर्रुखाबाद की ओर से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से प्रवीण और रावेंद्र सिर के बल सड़क पर गिए गए। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। सीएचसी सवायजपुर में रावेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया जबकि प्रवीण को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज में प्रवीण को भी मृत घोषित कर दिया गया। प्रवीण के परिवार में पत्नी अनीता, पुत्र प्रांजल और पुत्री प्रभा है। रावेंद्र के परिवार में दो पुत्र लाखन, मस्ताना और दो पुत्रियां हैं। पुत्रियों की शादी हो चुकी है। उनकी पत्नी की 20 साल पहले मौत हो चुकी है। थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि कार छोड़कर चालक भाग गया। कार को कब्जे में लिया गया है।
फोटो-04- प्रवीण। स्रोत: परिजन