हरदोई। बिजली विभाग के बकायेदारों को सरचार्ज में शत-प्रतिशत छूट देने की घोषणा की गई है। इसके लिए आठ नवंबर से एक मुश्त समाधान योजना शुरू हो रही है। इसका लाभ लेने के लिए बकायेदार को ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। जिले में इस योजना के तहत ढाई लाख उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
विभाग की ओर से घरेलू, वाणिज्यिक, निजी संस्थान, निजी नलकूप, औद्योगिक श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए एकमुश्त समाधान योजना और चोरी के प्रकरणों में राजस्व निर्धारण में छूट की योजना शुरू की गई है। योजना 31 दिसंबर तक चलेगी और बकायेदार ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे।
जिले में 4,56,751 बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से 2,68,189 उपभोक्ताओं पर बकाया चल रहा है। योजना के तहत 31 अक्तूबर तक लगाए गए सरचार्ज में छूट दी जाएगी। एक किलोवाट भार तक 100 प्रतिशत की छूट मिलेगी। एक किलोवाट से अधिक पर पूर्ण भुगतान पर 90 प्रतिशत, उपभोक्ता तीन व छह किस्तों में भी भुगतान कर सकेंगे। योजना के तहत जिन बिजली उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी के मामले दर्ज हैं, उनके राजस्व निर्धारण में छूट दी जाएगी। अधिशासी अभियंता रविंद्र कुमार ढोलका ने बताया कि उपभोक्ता ऑनलाइन पंजीकरण कराके योजना का लाभ ले सकते हैं।