कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले में गुरुवार से
शुरू हुई बोर्ड परीक्षा में पहले ही दिन अफसरों के नकल रोकने के दावे धड़ाम
हो गए। अधिकांश केंद्रों पर अबकी नकल का चोला बदला दिखा। कहीं कमरों में
बोल बोल कर प्रश्नपत्र हल कराए गए तो कहीं पर परीक्षार्थियों ने मोबाइल का
सहारा लिया।
शाहाबाद स्थित एक केंद्र पर मोबाइल समेत एक छात्र को एसडीएम ने
पकड़ कर छात्र और कक्ष निरीक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। उधर, हाई
स्कूल बोर्ड परीक्षा में सेक्टर मजिस्ट्रेट अनिमेष सक्सेना ने राम प्रकाश
इंटर कालेज में एक छात्र को नकल करते पकड़ा।
हालांकि, प्रशासन का दावा
है कि सख्ती के चलते पहले दिन बीस हजार परीक्षार्थियों ने हाईस्कूल की
परीक्षा छोड़ी है। एक छात्र को नकल के आरोप में सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा
पकड़ा गया। डीएम रमेश मिश्रा व विशेष सचिव ने संडीला क्षेत्र में कई
सेंटरों पर छापा मारा, जिससे हड़कंप मचा रहा।
जिले में बोर्ड परीक्षा के
पहले दिन करीब 1.55 लाख परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होना था,
जिसमें हाईस्कूल के 20 हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी, जब कि इंटर
में भी 5 हजार के परीक्षा छोड़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। परीक्षा
नियंत्रण कक्ष के अनुसार संकलन केंद्रों से सूचना मिलने पर सही तस्वीर
शुक्रवार को स्पष्ट हो सकेगी।
नगर क्षेत्र में परीक्षाएं जहां शांति से
संपन्न हुई तो वहीं ग्रामीण क्षेत्रों कई केंद्रों पर अव्यवस्थाएं हावी
रहीं। शाहाबाद क्षेत्र में एसडीएम मंशाराम की टीम ने एचवी सिंह इंटर
कालेज में छापा मारा। यहां कक्ष संख्या आठ में एक परीक्षार्थी को मोबाइल
समेत नकल करते पकड़ लिया।
पूछताछ में कक्ष निरीक्षक की भूमिका संदिग्ध पाने
पर उसे भी पकड़ कर कोतवाली भेजा गया। केंद्र व्यवस्थापक योगेंद्र सिंह की
तहरीर पर दोनों पर रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। उधर, प्रदेश शासन के विशेष सचिव
डा. एसपी सिंह व जिलाधिकारी रमेश मिश्रा सुबह करीब आठ बजे के आ गए और
एसडीएम को लेकर क ई परीक्षा केंद्रों पर छापा मारा, इससे हड़कंप मच गया।
उन्होंने समदखेड़ा, मलैयां, जीजीआईसी, आईआर इंटर कालेज आदि परीक्षा
केंद्रों पर चल रही परीक्षा के बारे में जानकारी ली और वहां पर निगरानी को
लगाए गए सीसी कैमरे के बारे में पूछा। एसडीएम ने बताया कि सभी चिह्नित
केंद्रों पर सीसी कैमरे लगा दिए गए हैं।
अफसरों की टीम को बहलोलपुर स्थित
एक परीक्षा केंद्र पर कई कमियां मिलीं, जिस पर उन्हाेंने अपनी जानकारी शासन
को देने को कहा। शाम की पाली में एसडीएम जीसी श्रीवास्तव ने कई परीक्षा
केंद्र्रों का निरीक्षण किया और अव्यवस्थाओं का दुरुस्त कराने को केंद्र
व्यवस्थापक को निर्देश दिए।
उधर, बिलग्राम क्षेत्र में पहले दिन नकल का
सिस्टम सक्रिय रहा। नकलचियों पर अफसरों के निरीक्षण का कोई प्रभाव नहीं था।
नीली हरी बत्तियां घूमती रही और नकल चलती रही। परीक्षा केंद्रों से हर
मार्ग पर मुखबिर सक्रिय थे, जिस ओर अफसरों की गाड़ी मुड़ती परीक्षा
केंद्रों पर सूचना पहुंचती रही और सभी नकल सिस्टम के आगे बौने नजर आए।