हरदोई। कोरोना काल में स्कूल-कॉलेज बंद हैं। ऑनलाइन पढ़ाई चल रही है। ऐसे में अगर गरीब बच्चों को कॉपी-किताबों संग निशुल्क शिक्षा भी मिल जाए तो इससे बेहतर क्या होगा। जिले के एक युवा की बेहतरीन सोच ने इसे मुमकिन कर दिखाया है। उन्होंने अपने जैसे विभिन्न क्षेत्रों के 22 युवाओं को इस कार्य के लिए जोड़ा है। आज शिक्षक दिवस पर वह शहर में ट्यूटर सर्किल की शुरुआत करेंगे। सर्किल में जुड़े लोग अपने-अपने क्षेत्र के चिह्नित गरीब बच्चों को निशुल्क पढ़ाएंगे। शुरुआत करीब 250 बच्चों से होगी।
युवा समाजसेवी व भाजपा नेता प्रीतेश दीक्षित ने बताया कि लॉकडाउन के बाद से ही स्कूल-कॉलेज बंद हैं। उनके मोहल्ले बाबा मंदिर के आसपास कुछ गरीब बच्चे दिन भर या तो मंदिर के पेड़ों के छांव में बैठे दिखते हैं या फिर शाम को पतंगबाजी करते नजर आते हैं। उनके अभिभावकों से पूछने पर जवाब मिलता कि स्कूल बंद हैं, क्या करें। कापी किताबें भी नहीं हैं।
इसे देखकर उन्होंने कई सामाजिक लोगों से इस संबंध में वार्ता की। जिसके बाद योजना बनाई कि वह रोज एक घंटे इन बच्चों को ट्यूशन पढ़ाएंगे। उन्होंने 10 बच्चों को चिह्नित भी किया है। जिसकी शुरुआत वह पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर करेंगे। इसके अलावा 22 युवा समाजसेवी भी अपने-अपने क्षेत्रों में 10 से 15 गरीब बच्चों को चिह्नित कर नि:शुल्क पढ़ाएंगे। इसके बाद इस ट्यूटर सर्किल को पूरे जिले में बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि पूरे जिले में ट्यूटर सर्किल गरीब नौनिहालों की शिक्षा के लिए वरदान साबित होगा।
पिता ने जिस स्कूल में ली शिक्षा, उसको लिया गोद
नगर के प्राथमिक विद्यालय हिंदी पाठशाला को युवा समाजसेवी व भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रीतेश दीक्षित 2017 में गोद ले चुके हैं।
उनका कहना है कि उनके पिता कृष्ण अवतार दीक्षित ने अपनी प्राथमिक शिक्षा यहां ग्रहण की, इसलिए विद्यालय से उनका भावनात्मक रिश्ता बन गया है। उन्होंने तब से लेकर अब तक इस विद्यालय में स्मार्ट क्लास, फर्नीचर व बाउंड्रीवाल का निर्माण, झूले, फुलवारी समेत कई सुविधाएं दी हैं।