पिहानी (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर गोमती पुल के पास बाइक सवार ससुर और दामाद को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों की शिनाख्त हो सकी। पुलिस ने दोनों शवों को जिला चिकित्सालय के मुर्दाघर में रखवा दिए हैं।
लखीमपुर खीरी जनपद के ग्राम मोहदियापुर उचौलिया निवासी रामबख्श (70) अपनी पोती नेहा की शादी के लिए लड़का देखने दामाद कमलेश (35) पुत्र मिश्रीलाल निवासी देवरास थाना मझिला के साथ बाइक से ग्राम चपरतला गया था। दोपहर बाद लगभग ढाई बजे वहां से वापस गांव जाने के लिए निकला था। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 24 (लखनऊ-दिल्ली) पर एक ट्रक ने गोमती पुल के पास बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बाइक सवार ससुर-दामाद उछलकर सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान दूसरे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया और आगे निकल गया। घटना की सूचना पर जहानीखेड़ा चौकी के प्रभारी रामकेवल तिवारी मौके पर पहुंचे और शवों की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। बाइक के पंजीकरण नंबर के जरिए पुलिस ने परिजनों का पता लगाया और घटना की सूचना दी। जानकारी पर परिजन पहले पिहानी सीएचसी पहुंचे और फिर जिला अस्पताल के मुर्दाघर ले गए। पिहानी कोतवाल महेश चंद्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।