हरदोई। नगरीय निकायों के घरों पर महिलाओं के हाथों से तैयार किए गए तिरंगा झंडा फहराएंगे। आजादी के महोत्सव में हर घर तिरंगा कार्यक्रम में लोगों में आजादी के प्रति जोश और जज्बा जगाने के साथ ही तिरंगा झंडा ने महिलाओं को स्वरोजगार भी दिया है। महिलाओं की ओर से बनाए गए तिरंगा झंडों की आपूर्ति नगरीय निकायों को दी गई है। इससे होने वाली आमदनी का लाभांश महिलाओं को मिलेगा और परिवार की आर्थिक उन्नति होगी।
आजादी के महोत्सव में हर घर तिरंगा कार्यक्रम वैसे तो जिले में सात लाख से अधिक तिरंगा झंडा फहराए जाएंगे। प्रशासन ने इसके लिए सभी व्यवस्थाएं जुटा लीं हैं और नोडल अधिकारी भी नामित किए हैं। नगरीय निकायों में घरों पर फहराए जाने वाले तिंरगा झंडों को बनाने के लिए शासन ने जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) को भी जिम्मेदारी सौंपी। डूडा की ओर से नगरीय क्षेत्रों की महिलाओं के स्वयं सहायता समूह के एरिया लेवल फेडरेशन के माध्यम से झंडों को तैयार कराया गया। यहां पर नारी उत्थान वेलफेयर समिति, महिला प्रगति सेवा समिति, श्वेता ठाकुर जनकल्याण समिति और महिला शक्ति क्षेत्रीय समिति से जुड़ी करीब 108 महिलाओं ने तिरंगा झंडा बनाने का काम किया। इसमें अर्चना अस्थाना, रागिनी, छाया पांडेय, शोभा शुक्ला, रीता सिंह, अपूर्वा पांडेय, शीला और सरला गुप्ता आदि महिलाओं ने कच्चे माल की खरीदारी कर तिरंगा झंडा घरों पर तैयार किए।
पं. दीनदयाल अंत्योदय राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के ऐरिया लेवल फेडरेशन से तिरंगा झंडा तैयार कराए गए हैं। बनाए जा रहे तिरंगों के काम को देखा भी गया। महिलाओं ने कच्चे माल की खरीदारी कर तिरंगा झंडों की सिलाई की है। इससे इनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। निकायों को शासन की ओर से दिए गए लक्ष्य 39,740 तिरंगा झंडों की आपूर्ति भी करा दी गई है।
सुधाकांत मिश्रा, परियोजना अधिकारी डूडा