पौधरोपण कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को राजकीय इंटर
कालेज परिसर में मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार गुप्ता ने पौधरोपण किया
और बच्चों को विद्यालय परिसर में कम से कम सौ पौधे लगाकर उनका संरक्षण करने
की सलाह दी।
विद्यालय में पौधरोपण कार्यक्रम में सीडीओ ने आम का पौधा
लगाया। इसके बाद अपर जिलाधिकारी लक्ष्मी शंकर सिंह ने पीपल का पौधा, नगर
मजिस्ट्रेट जितेंद्र मोहन सिंह ने नीम, एसडीएम सदर पप्पू गुप्ता ने आम के
पौधा लगाया। इसके बाद डीआईओएस जेपी मिश्र और विद्यालय प्रधानाचार्य योगेश
कुमार ने पौधरोपण किया।
पौधरोपण कार्यक्रम के उपरांत पर्यावरण संरक्षण में
एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी विजय
गुप्ता ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन में बहुत उपयोगी है। वृक्षों के बगैर
जीवन संभव नहीं है। उन्होंने छात्रों से कहा कि प्रतिवर्ष पास होने के साथ
एक पौधा कालेज में जरूर लगाएं और उसकी देखभाल करें।
उन्होंने विद्यालय
प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि चहारदीवारी के किनारे 100 पेड़ लगवाएं
और उनकी देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित करें। अपर जिलाधिकारी लक्ष्मी शंकर
सिंह ने कहा कि वृक्ष जीवन के लिए अनमोल हैं और हर व्यक्ति को अपने घर, खेत
की मेढ़ों और निर्जन स्थान जहां पर वृक्ष योग्य भूमि हो वहां पर अधिक से
अधिक पौधे लगाएं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश कुमार ने सभी अतिथियों को
आभार व्यक्त किया। इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद थे।