हरदोई। रक्षाबंधन पर ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हरदोई के यात्रियों को राहत दी है। लखनऊ और हरिद्वार के बीच 04329 और 04330 अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन लखनऊ, संडीला, बालामऊ, हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, नजीबाबाद होते हुए हरिद्वार तक जाएगी।
यह ट्रेन लखनऊ से रात एक बजकर 15 मिनट पर निकलेगी और सुबह करीब साढ़े तीन बजे हरदोई पहुंचेगी। इसी प्रकार हरिद्वार से दोपहर तीन बजे चलकर रात 10 बजे हरदोई और रात के 12 बजे लखनऊ पहुंचेगी। हरदोई के यात्रियों के लिए खास बात यह है कि लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली और हरिद्वार की ओर जाने वाले यात्रियों को नियमित ट्रेनों के अलावा अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
यह ट्रेन अनारक्षित होने के कारण सामान्य श्रेणी के यात्रियों के लिए उपयोगी रहेगी। रेलवे के अनुसार यूपी और उत्तराखंड के बीच छह विशेष ट्रेनों का भी संचालन 22 से 31 अगस्त के बीच किया जाएगा। इन ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगने से स्लीपर श्रेणी में बर्थ की संख्या बढ़ेगी और वेटिंग वाले यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।
इन ट्रेनों में बढ़ेंगे स्लीपर कोच
त्योहार पर सिर्फ स्पेशल ट्रेन ही नहीं बल्कि नियमित ट्रेनों में भी अतिरिक्त सीटों की व्यवस्था की गई है। रेलवे ने ट्रेनों में एक-एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाने का निर्णय लिया है। इनमें 14207/14208 पद्मावत एक्सप्रेस, 14205/14206 अयोध्या कैंट-दिल्ली एक्सप्रेस, 20393 संपूर्ण क्रांति सुपरफास्ट, 20340 हमसफर एक्सप्रेस और 20963/20964 इंटरसिटी सुपरफास्ट शामिल हैं।
किराया दूरी के हिसाब से, स्पेशल ट्रेन में सामान्य टिकट
लखनऊ-हरिद्वार स्पेशल अनारक्षित ट्रेन है इसलिए इसमें आरक्षित स्लीपर की तरह बर्थ बुकिंग नहीं होगी। यात्रियों को सामान्य श्रेणी का टिकट लेकर सफर करना होगा। स्पेशल ट्रेन का हरदोई से लखनऊ या हरदोई से हरिद्वार का सटीक किराया रेलवे के अंतिम किराया चार्ट के अनुसार ही तय होगा। -नरसी लाल मीणा, स्टेशन अधीक्षक