हरदोई। भीषण गर्मी के बीच लोड बढ़ने से बिजली संकट गहरा गया है। कहीं ट्रांसफार्मर फुंकने से ताे कहीं केबल दगने से बिजली आपूर्ति ठप हो रही है। दरअसल शहर में लगे निगम के उपकरणों की क्षमता 200 मेगावाट की है। भीषण गर्मी में उपयोग बढ़ने के कारण लोड 270 से 300 मेगावाट तक पहुंच गया है। क्षमता से लगभग 100 मेगावाट ज्यादा लोड बढ़ने के कारण सब स्टेशनों और मोहल्ले में लगे ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं और केबल दग रही हैं।
शहर में 76 हजार बिजली उपभोक्ता हैं। उपभोक्ताओं को नियमित रूप से बिजली उपलब्ध कराने के लिए 12 विद्युत उपकेंद्र संचालित हैं और 426 छोटे-बड़े ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बिजली की नई लाइन भी डाली गई हैं। तपिश बढ़ने के साथ ही बिजली की मांग भी बढ़ गई है। इससे बिजली विभाग के उपकरण जवाब देने लगे हैं। बुधवार को शहर के महाराज सिंह पार्क के पास और आलू मील के पास रखा ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण धूं-धूंकर जल गया। वहीं शहर के सिविल लाइन, नटवीर पुलिया, आजादनगर, धर्मशाला रोड, कैनाल रोड पर केबल दग गई। शहर के सिविल लाइन में केबल बदलने में चार घंटे लग गए। इससे लोग भीषण गर्मी में परेशान हुए।
यहां हो रही सबसे अधिक समस्या
-शहर के सांडी रोड विद्युत केंद्र से जुड़े चार नंबर फीडर की आपूर्ति रात 10 बजे बंद हो गई, जो रात डेढ़ बजे शुरू हुई।
-लक्ष्मीपुरवा में ट्रांसफार्मर जलने के कारण पूरी रात बिजली नहीं आई।
-बेलाताली उपकेंद्र से जुड़े धर्मशाला रोड पर केबल जलने के कारण पूरी रात आपूर्ति बंद रही।
-कोयल बाग कॉलोनी उपकेंद्र के पुलिस लाइन फीडर व जिंदपीर चौराहा क्षेत्र की आपूर्ति सुबह सात से 10 बजे तक बंद रही।
-सिटी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े सिनेमा रोड फीडर की आपूर्ति बृहस्पतिवार दोपहर को एक से पौने दो बजे तक बाधित रही।
-आशा नगर विद्युत उपकेंद्र और चरौली विद्युत उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्र की आपूर्ति बुधवार रात तीन घंटे बंद रही।
ओवरलोड के कारण आपूर्ति में समस्या आ रही है। उपभोक्ता बिजली शुरू होने पर तुरंत ही सारे उपकरण ऑन न करें, उनको एक-एक करके ऑन करें। इससे एक साथ लोड नहीं पड़ेगा और फॉल्ट नहीं होगा। साथ ही उपभोक्ता की भी डिमांड नहीं बढ़ेगी। जहां पर भी समस्या हो रही है। उसको सही कराया जा रहा है। -प्रेम प्रकाश सिंह, अधिशासी अभियंता, सदर