बिलग्राम चुंगी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक
बड़े चौराहे पर पहुंचते ही बेकाबू हो गया और चौराहे पर रखे ट्रांसफार्मर को
तोड़ते हुए धार्मिक स्थल में जा घुसा। ट्रक की टक्कर से ट्रांसफार्मर का
फाउंडेशन सहित डबल विद्युत पोल व प्याऊ भी टूट गया। गनीमत रही कि तड़के
भीड़ भाड़ नहीं थी तो कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई।
उधर, विद्युत पोल
क्षतिग्रस्त होने से इलाके की बिजली गुल हो गई, जबकि चालक व क्लीनर फरार हो
गए। विभागीय अफसरों ने ट्रक नंबर से एफआईआर दर्ज कराई है। मंगलवार सुबह
करीब 7.20 बजे पिहानी चुंगी स्थित सागर ट्रांसफार्मर का ट्रक बालू लेकर
बिलग्राम चुंगी की ओर से आ रहा था।
इस दौरान ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी।
बड़े चौराहे के नजदीक आने पर भी चालक ने रफ्तार कम नहीं की। इसी बीच
रामदत्त चौराहे की ओर से एक वाहन आ गया। वाहन से बचने को चालक ने ट्रक को
धार्मिक स्थल की ओर मोड़ दिया, पर रफ्तार ज्यादा थी, जिससे ट्रक
ट्रांसफार्मर को तोड़ता हुआ धार्मिक स्थल में जा घुसा।
ट्रक की टक्कर इतनी
जबरदस्त थी कि ट्रांसफार्मर तो क्षतिग्रस्त हुआ ही दोनों विद्युत पोल भी
टूट गए, जबकि ट्रांसफार्मर के पास ही लगा प्याऊ भी टूट कर बिखर गया। इस
दौरान टक्कर के बाद चालक और क्लीनर ट्रक छोड़कर फरार हो गए। टक्कर से
बड़े चौराहे से सिनेमा रोड की बिजली गुल हो गई।
जानकारी होने पर पुलिस भी
मौके पर पहुंच गई और क्रेन की सहायता से ट्रक को निकलवाया। जिसके बाद बिजली
विभाग द्वारा मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। उधर, बिजली विभाग एसडीओ
सत्येंद्र पांडेय ने ट्रक नंबर के आधार पर कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज
कराई है।
उधर, ट्रक की जबरदस्त का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता कि ट्रक
के भी आगे दोनों पहिए टूट गए। जिससे क्रेन को भी ट्रक बाहर निकालने में
खासी मशक्कत करनी पड़ी। ट्रक को किसी तरह बाहर निकाला गया और इसके बाद ट्रक
की कमानी औरपहियों को बदला गया। जिसके बाद पुलिस शाम को ट्रक मौके से ले
जा सकी।