हरदोई। विधानसभा उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल के समझाने के बाद गल्ला मंडी के व्यापारी मान गए। चौथे दिन हड़ताल समाप्त कर दी। प्रशासन ने भी व्यापारियों की सुविधाओं का ध्यान रखने की बात कही है।
गल्ला मंडी में स्ट्रांग रूम बनाने के लिए प्रशासन 54 दुकानें खाली कराने की बात कह रहा था। इसके विरोध में व्यापारियों ने हड़ताल शुरू कर दी थी। वह चुनाव की तिथियां घोषित होने के बाद ही चुनाव की बात पर अड़े थे। व्यापारी तीन दिन से हड़ताल पर डटे थे। इसमें श्रमिक भी शामिल हो गए थे। इससे सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद बंद हो गई थी।
जिससे किसानों को परेशानी हो रही थी। इसे संज्ञान में लेते हुए मंगलवार को चौथे दिन विधानसभा उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल ने व्यापारियों से बात की। इसके बाद व्यापारियों ने घंटा बजाकर हड़ताल समाप्त कर दी। हड़ताल समाप्त होने से अब किसानों के धान की तौल बुधवार से होने की संभावना है। इस दौरान उद्योग व्यापार मंडल नवीन गल्ला मंडी स्थल के जिलाध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, महामंत्री संजय गुप्ता समेत अन्य रहे।