बड़ा चौराहा पर जाम लगाए व्यापारी
- फोटो : Amar ujala
शहर के लिए नासूर बन चुके अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस सख्त हुई तो अतिक्रमण करने वाले व्यापारी सड़क पर उतर गए। व्यापारियों ने बुधवार को सिनेमा चौराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इसके बाद एसपी को ज्ञापन दिया। एडीएम, एएसपी ने व्यापारियों के साथ बैठक कर अतिक्रमण न करने की हिदायत दी। दुकान के आगे पांच फिट टिन शेड और दो फीट तक सामान रखने की छूट व्यापारियों को दे दी गई।
एएसपी पूर्वी बीसी दुबे ने मंगलवार को नुमाइस चौराहा, एमजी रोड, घंटाघर रोड पर दुकानों के सामने से अब अतिक्रमण हटवाया था। पुलिस के इस अभियान के खिलाफ बुधवार को उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल संगठन की अगुवाई में व्यापारी सड़क पर उतर आए। व्यापारियों ने सिनेमा चौराहे पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद एसपी आफिस जाकर एसपी चंद्रप्रकाश को ज्ञापन दिया। मामला डीएम विवेक वार्ष्णेय तक पहुंचा। इस पर एडीएम विपिन मिश्रा और एएसपी पूर्वी बीसी दुबे ने पुलिस लाइन सभागार में व्यापारियों के साथ बैठक की।
इसमें तय हुआ कि व्यापारी दुकान के आगे पांच फिट तक टीन शेड डाल तकते हैं लेकिन इसमें नीचे बल्ली या पोल नहीं लगा सकेंगे। चौड़ी सड़कों वाले बाजार में दुकान के सामने बने नाले के आगे दो फीट तक व्यवस्थित रूप से सामान भी रख सकेंगे।
फलमंडल के बाहर ठेला लगाने वालों के लिए जगह तय की जाएगी। इसी तरह टेंपो व स्कूल बसों के लिए भी स्थान तय किया जाएगा। इसके लिए बीएसए और डीआईओएस के साथ गुरुवार को बैठक होगी। एएसपी ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलता रहेगा। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट मृत्युंजय राम त्रिपाठी, सीओ सिटी अजीत सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।