स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालयों के निर्माण की फोटो अपलोड करने में अफसरों ने जमकर लापरवाही बरती। हालात ये रहे कि केंद्र सरकार की वेबसाइट पर शौचालय के पुराने फोटो अपलोड कर दिए गए। यही नहीं एक पात्र की फोटो अलग-अलग शौचालयों के साथ मिली। इस तरह की लापरवाही सामने आने पर निदेशक ने नाराजगी जताई है। डीपीआरओ ने जिले के सभी 19 एडीओ पंचायतों को नोटिस जारी कर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
एडीओ पंचायत की ओर से केंद्र सरकार को शौचालयों की फोटो अपलोड करने में लापरवाही बरती गई है। निदेशालय ने फोटो की गुणवत्ता की जांच कराई। जांच में पाया कि अत्यधिक पुराने निर्मित शौचालयों की फोटो अपलोड की गईं हैं। शौचालयों पर लाभार्थी के नाम व लाभार्थी क्रमांक अंकित नहीं किया गया है। एक ही लाभार्थी का फोटो एक से अधिक शौचालयों के साथ खिंचवाया गया है। इसके अलावा जांच में कई खामियां मिली हैं। निदेशक ने डीपीआरओ से नाराजगी जताते हुए कहा कि फोटो अपलोड करने में बरती जा रही लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस पर डीपीआरओ चंद्रिका प्रसाद ने सभी एडीओ पंचायतों को नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा कि शौचालयों पर सामने की दीवार पर लाभार्थी का नाम व क्रमांक अंकित कर फोटो ली आए। जिसे अपलोड किया जाए। फोटो लेते समय शौच कक्ष का दरवाजा पूरा खोलकर लाभार्थी को साथ खड़ा कर फोटो लिया जाए। इस तरह की फोटो ही केंद्र सरकार की वेबसाइट पर अपलोड की जाएं। उन्होंने कहा कि शौचालय की फोटो अपलोड करने में लापरवाही न बरती जाए। लापरवाही बरतने पर सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।