हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-सीतापुर मार्ग पर रोडवेज वर्कशॉप के निकट शनिवार दोपहर मां-बाप के साथ सड़क के किनारे खड़ी मासूम को गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्राली ने कुचल दिया।
सीतापुर जनपद के खैराबाद थाने के ग्राम उदयपुर निवासी अमरजीत की बहन सरोज देहात कोतवाली के ग्राम आशा में रहती है। गुरुवार को अमरजीत पत्नी रामसुखी व बेटी मान्या (3) के साथ बहन के घर आया था। शनिवार सुबह वह पत्नी व बेटी के साथ घर जाने के लिए निकला था।
रास्ते में देहात कोतवाली क्षेत्र के अंर्तगत सीतापुर मार्ग पर स्थित रोडवेज वर्कशॉप के निकट ई-रिक्शा से उतरकर अमरजीत किराया दे रहा था। पास में सड़क के किनारे उसकी बेटी व पत्नी खड़ी थी।
इसी दौरान पीछे से आ रही गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्राली ने उसकी बेटी मान्या को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। देहात कोतवाली निरीक्षक गंगेश शुक्ला ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली कब्जे में लिया गया है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।