कछौना। रैसो चौराहे के पास गुरुवार को ईंटों से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार विवाहिता की मौत हो गई। वह भाई के साथ मायके जा रही थी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
कछौना थाना क्षेत्र के उसरहा गांव निवासी छोटेलाल ने बेटी दीपा (27) की शादी करीब दो साल पहले बघौली थाना क्षेत्र के गदनपुर निवासी मुकेश के साथ हुई थी। भाई मनीष गुरुवार को दीपा को विदा कराकर बाइक से मायके ले रहा था।
हरदोई लखनऊ रोड पर रैसो चौराहे के पास सड़क पर निर्माण कार्य चलने से मनीष ने बाइक रोक दी। इसी बीच पीछे से ईट लेकर आ रही तेज रफ्तार टैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक पर पीछे बैठी दीपा उछलकर सड़क पा जा गिरी और ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। इस हादसे में दीपा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के कारण काफी देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।