शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र के आगमपुर-सिकंदरपुर नरकतरा मार्ग पर बुधवार दोपहर बाइक सवार मां-बेटे को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सड़क पर गिरी मां के ऊपर से ट्रॉली का पहिया निकल गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग निकला।
पाली थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी रामकरन खेती करते हैं। उनकी पत्नी रामकली (60) बुधवार को अपने बेटे धीरज (20) के साथ बाइक से गैस सिलिंडर लेने सिरोमननगर स्थित गैस एजेंसी पर जा रही थीं। आलमनगर और रनुआपुर के पास सामने से आ रहे भूसा भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रामकली सड़क पर गिर गईं और भूसा भरी ट्रॉली के पहियों के नीचे आ गईं। कुचलने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। धीरज मामूली रूप से घायल हुआ। धीरज की सूचना पर कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतका के परिवार में पति और पांच बच्चे हैं। कोतवाल अरविंद कुमार राय ने बताया कि घटना संज्ञान में है। टक्कर मार ने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। परिजन से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।